अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं का सम्मान, शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

रुद्रपुर – मनोज सरकार स्टेडियम में गुरुवार को प्रथम स्वर्गीय धीरज सिंह रघुवंशी मेमोरियल ओपन शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 जुलाई तक किया जाएगा, जिसमें भारत और नेपाल के करीब 300 शतरंज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल सामाजिक एकता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के खिलाड़ियों की सहभागिता जनपद के लिए गौरव का विषय है। साथ ही उन्होंने कहा कि मनोज सरकार स्टेडियम में इस स्तर की शतरंज प्रतियोगिता का पहली बार आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए देवभूमि शतरंज एसोसिएशन बधाई की पात्र है।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराने की अपील की, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले राहुल सिंह बोहरा और कुणाल सिंह नेगी को जिलाधिकारी ने सम्मानित भी किया।

विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शास्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।

देवभूमि शतरंज एसोसिएशन के महासचिव संजीव चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में भारत और नेपाल के लगभग 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता के विजेता को चार लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डी.डी.के. सिंह, देवभूमि शतरंज एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष सीमा सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, शतरंज एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष टिंकू, सीनियर इंटरनेशनल आर्बिटर आर.सी. तिवारी, मृत्युंजय सिंह, रूपेश, अभि सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें