सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा: ऊधमसिंहनगर से चयनित श्रद्धालुओं को एडीएम ने किया रवाना

रुद्रपुर – भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत संचालित ‘यात्रा’ कार्यक्रम के तहत ऊधमसिंहनगर जनपद से चयनित श्रद्धालुओं के दल को सोमवार को अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ धाम के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार श्रद्धालुओं को विशेष यात्रा के माध्यम से सोमनाथ धाम ले जा रही है, ताकि वे भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ सकें।

उन्होंने कहा कि यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसमें महिलाएं, युवा, विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक, स्वयंसेवक, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, शिक्षाविद, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता तथा अन्य विशिष्ट नागरिक शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को देश की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय विरासत से जोड़ना है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों के साथ चिकित्सक दल, आवश्यक दवाइयों सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता, अटूट आस्था, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। यह यात्रा श्रद्धालुओं को भारत के गौरवशाली इतिहास, आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को निकट से जानने और समझने का अवसर प्रदान करेगी। ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक सद्भाव को भी नई मजबूती देते हैं।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ सोमनाथ संकल्प संवाद, लाइट एंड साउंड शो, भजन संध्या, फ्लैग मार्च, महाआरती, प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगे। उन्हें सोमनाथ के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, स्वच्छता और मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक दूत के रूप में अपनी सकारात्मक पहचान प्रस्तुत करें तथा यात्रा से प्राप्त अनुभवों को समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक तथा श्रद्धालुओं के परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ विदाई देते हुए उनकी सफल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें