न्याय होगा आसान और त्वरित, 18 जुलाई को रुद्रपुर समेत कई न्यायालयों में विशेष लोक अदालत

रुद्रपुर – लंबित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत के निर्देशन में आमजन को विशेष लोक अदालत के महत्व और इसके लाभों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित विधिक जागरूकता शिविरों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को विशेष लोक अदालत की प्रक्रिया, उसके लाभ तथा आपसी समझौते के आधार पर मामलों के त्वरित निस्तारण की जानकारी दी जा रही है। विशेष रूप से एनआई एक्ट (चेक बाउंस) से जुड़े लंबित मामलों के पक्षकारों से लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की जा रही है।

सचिव ममता पंत ने बताया कि 18 जुलाई को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य चेक बाउंस से संबंधित मामलों का आपसी सहमति से शीघ्र समाधान कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि समझौते के माध्यम से विवादों का निस्तारण होने से समय और धन दोनों की बचत होती है तथा पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध भी बने रहते हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि विशेष लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय रुद्रपुर के साथ-साथ बाहरी दीवानी न्यायालय काशीपुर, जसपुर, खटीमा और बाजपुर में भी किया जाएगा। संबंधित पक्षकार अपने चेक बाउंस से जुड़े मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत कर आपसी समझौते के आधार पर उनका निस्तारण करा सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 18 जुलाई को आयोजित विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस वैकल्पिक न्याय व्यवस्था का लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें