हादसे से सबक लेने की जरूरत: तीनपानी बाईपास का निरीक्षण कर बोले एसएसपी मंजूनाथ टी.सी.

हल्द्वानी – तीनपानी बाईपास पुल पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर दुर्घटना का विश्लेषण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपायों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि 11 जुलाई 2026 की रात लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UK04U-7275) ने तीनपानी बाईपास पुल के घुमाव पर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसपी क्राइम/यातायात नैनीताल एवं एसपी सिटी हल्द्वानी ने बेस चिकित्सालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली थी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई थी।

रविवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं घटनास्थल पहुंचकर सड़क की स्थिति, पुल के घुमाव, दोनों वाहनों की दिशा, दुर्घटना के संभावित कारणों तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना के प्रत्येक पहलू का वैज्ञानिक परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और गंभीर सड़क दुर्घटना है। इस घटना से समाज, वाहन चालकों और प्रवर्तन एजेंसियों सभी को सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन और सावधानीपूर्वक वाहन संचालन ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगी तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें