वीबी ग्राम-जी योजना को गति देने के निर्देश, भारत सरकार के अधिकारियों ने जानी जमीनी हकीकत

भीमताल/नैनीताल – ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार सुश्री तनुजा ठाकुर खोलके, संयुक्त निदेशक उमेश कुमार राम तथा अवर सचिव श्रीमती ज्योति कनौजिया ने जनपद नैनीताल का भ्रमण कर वीबी ग्राम-जी (VB GRAM-G) योजना के क्रियान्वयन की तैयारियों और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने योजना के प्रभावी संचालन के लिए जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

भ्रमण के दौरान भारत सरकार की टीम ने सबसे पहले विकासखंड रामनगर पहुंचकर योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं क्रियान्वयन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।

इसके बाद नैनीताल क्लब में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, जनपद के सभी खंड विकास अधिकारी, उप कार्यक्रम अधिकारी तथा वीबी ग्राम-जी की जिला स्तरीय टीम मौजूद रही।

समीक्षा बैठक में योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। खंड विकास अधिकारियों एवं उप कार्यक्रम अधिकारियों ने योजना के संचालन के दौरान आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों से भारत सरकार की टीम को अवगत कराया। अधिकारियों ने विशेष रूप से एनएमएमएस (NMMS) एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने में आने वाली तकनीकी समस्याओं, सामग्री मद के भुगतान में हो रही देरी तथा वीबी ग्राम-जी की अंतरिम कार्य सूची (Interim List of Works) में मौजूद कमियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

भारत सरकार के अधिकारियों ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक स्तर पर परीक्षण कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की गाइडलाइन का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा योजना के सफल क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि वीबी ग्राम-जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें, ताकि योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र ग्रामीणों तक पहुंच सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें