क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल बनी मौत का कारण, निरीक्षण के दौरान डॉक्टर पर गिरी दीवार

चमोली – चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित राजकीय अस्पताल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बीते 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान मलबा आने से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को इसी दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने के लिए चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से कमजोर और खोखली हो चुकी दीवार अचानक ढह गई और वह उसके मलबे में दब गए।

हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्वास्थ्यकर्मियों, स्थानीय व्यापारियों और अन्य लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे डॉ. डिमरी को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया।

अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने बताया कि डॉ. डिमरी की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। हालांकि, उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

इस हादसे के बाद अस्पताल कर्मियों, स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने सरकारी भवनों की जर्जर स्थिति और समय पर मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें