रुद्रपुर – जिला अस्पताल में चिकित्सकों के तबादलों के बाद प्रभावित हुई स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून स्थित सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर रिक्त पदों पर तत्काल चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वैकल्पिक चिकित्सकों की तैनाती नहीं की गई तो जनहित में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सचिव डॉ. विनय शंकर पांडेय तथा अपर सचिव स्वास्थ्य डॉ. सौरभ गहरवार से मुलाकात कर रुद्रपुर जिला अस्पताल की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक साथ 11 चिकित्सकों के स्थानांतरण के बाद अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी हो गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।
ठुकराल ने अधिकारियों को बताया कि रुद्रपुर जिला अस्पताल में प्रतिदिन शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कई मरीजों को बिना समुचित इलाज के वापस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंहनगर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल इस अस्पताल की बदहाल व्यवस्था का सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि स्थानांतरित चिकित्सकों के स्थान पर तत्काल वैकल्पिक डॉक्टरों की नियुक्ति कर उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया जाए, ताकि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर रिक्त पदों पर नए चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं की गई तो वह जिला अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना एवं आमरण अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और शासन की होगी।
प्रतिनिधिमंडल में महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष सुनील चुघ, आनंद शर्मा, ललित बिष्ट सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।










