लालकुआं – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लालकुआं पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चरस तस्कर और एक अवैध शराब विक्रेता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 654.10 ग्राम चरस, एक स्कूटी तथा 49 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने मंगलवार को चेकिंग, गश्त एवं अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान यह कार्रवाई की।
स्कूटी की डिक्की से बरामद हुई 654 ग्राम चरस
चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने खैरानी बिंदुखत्ता के पास देर रात संदिग्ध अवस्था में खड़ी टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी (संख्या UK04AC6511) की जांच की। पुलिस को स्कूटी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी मिली, जिससे नंबर छिपाने का प्रयास किया गया था। संदेह होने पर डिक्की की तलाशी ली गई तो हेलमेट के भीतर रखे सफेद पॉलीबैग से 654.10 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस ने मनोज सिंह रावत पुत्र कुंवर सिंह रावत, निवासी बुरथिंग बिरथी, थाना नाचनी, जिला पिथौरागढ़ (हाल निवासी महादेव कॉलोनी, आरटीओ रोड, थाना मुखानी, नैनीताल) को गिरफ्तार कर चरस एवं स्कूटी कब्जे में ले ली। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 108/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ट्रकों के बीच बेच रहा था अंग्रेजी शराब
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने मसल्स फैक्ट्री जिम के पास प्लॉट में खड़े ट्रकों के बीच अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी कर रहे संजय सिंह बिलवाल पुत्र कुंदन सिंह बिलवाल, निवासी बोढ़खत्ता, बिंदुखत्ता, लालकुआं को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से दो पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 28 पव्वे इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की तथा 21 पव्वे मैकडॉवेल्स नंबर-1 व्हिस्की, कुल 49 पव्वे अंग्रेजी शराब शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 107/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी तथा कांस्टेबल दयाल नाथ शामिल रहे।










