बहुउद्देशीय शिविर बना आमजन के लिए राहत का केंद्र, मौके पर ही निस्तारित हुईं दर्जनों शिकायतें

भीमताल/नैनीताल – उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के संकल्प तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ देहरादून स्थित आईडीपीएल मैदान से किया गया, जिसका सीधा प्रसारण जनपद नैनीताल के विकासखंड भीमताल में आयोजित कार्यक्रम में भी देखा गया। इसी क्रम में विकासखंड सभागार भीमताल में “रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास” विषय पर बहुउद्देशीय जनसंवाद एवं जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाकर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल योजनाओं के प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनविश्वास को मजबूत करने का प्रभावी अभियान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सेवा पखवाड़ा इसी सोच को धरातल पर उतारने का प्रयास है, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दूसरे चरण में सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता

जिला उद्योग केंद्र की ओर से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को आर्थिक सहायता एवं सब्सिडी उपलब्ध कराई गई। टैक्सी सेवा, ईको वैन, रेस्टोरेंट, जनरल स्टोर सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के लिए लाभार्थियों को स्वीकृत धनराशि वितरित की गई। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत चार लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ भी प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

102 प्रमाण-पत्र जारी, 74 शिकायतें दर्ज, 58 का मौके पर समाधान

बहुउद्देशीय शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कुल 102 प्रमाण-पत्र जारी किए गए। शिविर में 74 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 58 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 16 मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के लिए भेजा गया।

विभागीय स्टॉलों पर मिली योजनाओं की जानकारी

शिविर में जिला उद्योग केंद्र, राजस्व विभाग, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, वन विभाग, सेवायोजन, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, जल जीवन मिशन, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, शिक्षा, आयुष, स्वास्थ्य तथा ग्राम्य विकास विभाग सहित अनेक विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।

राजस्व विभाग द्वारा 45 भू-हिस्सा प्रमाण-पत्र, 4 जन्म प्रमाण-पत्र और 4 विरासत प्रमाण-पत्र जारी किए गए। आयुष विभाग ने 37 लोगों को निःशुल्क औषधियां वितरित कीं तथा 18 लोगों की रक्तचाप एवं शुगर जांच की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण, स्क्रीनिंग एवं दवा वितरण किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तीन महालक्ष्मी किट वितरित की गईं तथा नंदा गौरा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना की जानकारी दी गई। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने युवाओं का पंजीकरण कर रोजगार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। खाद्य विभाग को प्राप्त 50 मामलों में से 35 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों ने स्थानीय एवं ऑर्गेनिक उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई, जिसे लोगों ने काफी सराहा।

लोक संस्कृति के माध्यम से पहुंचाया योजनाओं का संदेश

कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत तारा राम कवि एंड पार्टी ने लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संदेश दिया। जिला सूचना विभाग द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री एवं कैलेंडर भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, पेयजल अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष दिनेश आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग, जिला पंचायत सदस्य बहादुर सिंह नगदली, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें