19 वर्षों तक निभाई सेवा की जिम्मेदारी, फायरमैन जगजीत सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद नैनीताल के फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात फायरमैन जगजीत सिंह का ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में उपचार के दौरान निधन हो गया। इस दुखद घटना से पूरे उत्तराखंड पुलिस एवं अग्निशमन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। अपने कर्तव्यनिष्ठ और जांबाज साथी को खोने से पुलिस परिवार गहरे दुःख में है।

जानकारी के अनुसार फायरमैन जगजीत सिंह 22 जून 2026 की रात ड्यूटी के दौरान वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर फैल गई।

सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. हल्द्वानी स्थित मोर्चरी पहुंचे और दिवंगत फायरमैन को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि जगजीत सिंह ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ विभाग की सेवा की। उनका निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग दिवंगत कर्मचारी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है तथा सभी विभागीय देयकों और सहायता संबंधी कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक सहायता राशि भी परिजनों को प्रदान की।

पुलिस विभाग द्वारा दिवंगत फायरमैन के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बाजावाला, बाजपुर भेजा जा रहा है, जहां उन्हें पूरे राजकीय सम्मान एवं गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ प्रशिक्षु विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, अग्निशमन अधिकारी मिन्दरपाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

लगभग 19 वर्षों तक दी विभाग को सेवाएं

फायरमैन जगजीत सिंह का जन्म 15 मई 1988 को ग्राम बाजावाला, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर में हुआ था। उन्होंने 14 दिसंबर 2007 को उत्तराखंड पुलिस एवं अग्निशमन सेवा में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। अपने लगभग 19 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने उधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जनपदों में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2024 से वह फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात थे और अंतिम समय तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे।

उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण को विभाग हमेशा याद रखेगा। पुलिस एवं अग्निशमन विभाग ने उनके निधन को एक बड़ी क्षति बताते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें