कैंची धाम में पुलिस की मुस्तैदी, खोया बैग सुरक्षित मालिक तक पहुंचाया

नैनीताल। कैंची धाम में तैनात यातायात पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। यातायात पुलिस की मुस्तैदी के चलते एक श्रद्धालु को उसका खोया हुआ बैग सकुशल वापस मिल गया, जिससे उसे बड़ी राहत मिली।

जानकारी के अनुसार तल्लीताल निवासी अमन कैंची धाम दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनका बैग कैंची क्षेत्र में कहीं खो गया। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेजों से संबंधित फाइल तथा दो मोबाइल फोन रखे हुए थे। बैग खोने के बाद श्रद्धालु काफी परेशान हो गए और अपने सामान की तलाश में जुट गए।

इसी बीच कैंची धाम क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के चालक हेड कांस्टेबल हरीश नाथ ने मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों और सतर्कता के बाद बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

सत्यापन के बाद यातायात पुलिस द्वारा बैग उसके वास्तविक स्वामी अमन को सौंप दिया गया। बैग में रखे सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइल और दोनों मोबाइल फोन सुरक्षित पाए गए।

अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर अमन ने यातायात पुलिस और हेड कांस्टेबल हरीश नाथ का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

इस सराहनीय कार्य ने एक बार फिर पुलिस की जनसेवा और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को उजागर किया है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें