आस्था के केंद्र जागेश्वर धाम पहुंचे राज्यपाल, संस्कृति और परंपरा का किया गुणगान

अल्मोड़ा – उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने शुक्रवार को अल्मोड़ा जनपद स्थित विश्वप्रसिद्ध जागेश्वर धाम, वृद्ध जागेश्वर एवं दण्डेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देवाधिदेव महादेव से देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।

राज्यपाल ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के उपरांत कहा कि जागेश्वर धाम सहित संपूर्ण कुमाऊँ क्षेत्र भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। यहां का दिव्य वातावरण और आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति प्रदान करने के साथ नई प्रेरणा भी देती है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के पवित्र तीर्थस्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के संवाहक भी हैं। इन धरोहरों का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

राज्यपाल ने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा सभी देशवासियों पर बनी रहे तथा समाज में शांति, सद्भाव, समृद्धि और लोककल्याण की भावना निरंतर मजबूत होती रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देवभूमि की यह दिव्य चेतना लोगों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और मंगल का संचार करती रहेगी।

राज्यपाल के जागेश्वर धाम आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें