हल्द्वानी – नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने बुधवार को हल्द्वानी स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई कर क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र, प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं और सुझाव लेकर पहुंचे। सांसद अजय भट्ट ने प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित मामलों पर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और सुशासन के लिए वे निरंतर कार्यरत हैं तथा लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने लोगों से भी विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई और कई समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए।










