कालाढूंगी। कालाढूंगी क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा वन निगम कार्यालय के समीप उस समय हुआ जब दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 6:10 बजे डायल-112 पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना में वाहन संख्या UK-04AM-8740 किआ सोनेट और वाहन संख्या UK-04S-2977 ऑल्टो कार आमने-सामने टकरा गई थीं।
किआ सोनेट कार को विक्रम रावत निवासी गोलापार चला रहे थे। वाहन में साक्षी पुत्री गिरीश चंद्र निवासी आरटीओ रोड हल्द्वानी तथा भावना वालिया पत्नी राजीव वालिया निवासी वार्ड नंबर-2 कालाढूंगी सवार थीं। वहीं ऑल्टो कार में शुभम सामंत, कमल मिश्रा, हर्षित अधिकारी और नरेंद्र अधिकारी सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑल्टो कार में सवार शुभम सामंत गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने शुभम सामंत (30 वर्ष) पुत्र होशियार सिंह सामंत निवासी रामपुर चकलुवा को मृत घोषित कर दिया। जबकि कमल मिश्रा, हर्षित अधिकारी और नरेंद्र अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उच्च उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।










