पुनः आयोजित NEET परीक्षा के लिए रोडवेज तैयार, छात्रों को मिलेगा निःशुल्क सफर

देहरादून – NEET (UG)-2026 परीक्षा के पुनः आयोजन की स्थिति में उत्तराखंड सरकार ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत देते हुए राज्य परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। शासन के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन निगम ने सभी मंडलीय प्रबंधकों एवं डिपो अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुनः आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले पात्र अभ्यर्थी उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में राज्य के भीतर एक बार आने और एक बार जाने की निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे।

यह सुविधा केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासियों को मिलेगी, जिन्हें परीक्षा प्राधिकरण द्वारा वैध प्रवेश पत्र जारी किया गया हो। अभ्यर्थी अपने गृह क्षेत्र अथवा वर्तमान निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व से लेकर परीक्षा दिवस तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन के भीतर वापसी यात्रा की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।

निगम के अनुसार यह व्यवस्था 19 जून 2026 की मध्यरात्रि से 23 जून 2026 की रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। अभ्यर्थियों को अब प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी साथ रखने की अनिवार्यता भी नहीं होगी। मोबाइल फोन में उपलब्ध एडमिट कार्ड की सॉफ्ट कॉपी दिखाकर भी यात्रा सुविधा का लाभ लिया जा सकेगा।

परिवहन निगम ने ई-टिकट मशीनों में “NEET (UG)-2026” नाम से विशेष श्रेणी भी उपलब्ध कराई है, जिसमें अभ्यर्थियों का रोल नंबर दर्ज किया जाएगा। यदि किसी तकनीकी कारणवश ई-टिकट मशीन कार्य नहीं करती है तो परिचालक अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और मोबाइल नंबर वे-बिल में दर्ज करेंगे।

चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए निगम ने सभी डिपो सहायक महाप्रबंधकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।

राज्य सरकार के इस निर्णय से हजारों परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें