नैनीताल/कैंची धाम। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 में सोमवार को आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। बारिश के बावजूद देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बाबा नीम करौली महाराज के दर्शनों के लिए दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह पांच बजे से सायं आरती तक 96,110 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर कैंची धाम पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। बाबा के जयकारों और भजनों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। सायंकालीन आरती के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और श्रद्धा का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गईं। शटल सेवा, सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन और चरणबद्ध दर्शन व्यवस्था के चलते भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को बिना किसी बड़ी परेशानी के दर्शन कराए गए।
मेले के दौरान पुलिस जवानों ने सेवा भाव का परिचय देते हुए वृद्धजनों, दिव्यांगों, महिलाओं और असहाय श्रद्धालुओं की हरसंभव सहायता की। लगातार हो रही बारिश के बीच भी पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में डटे रहे।
एसपी संचार रेवाधर मठपाल के निर्देशन में कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सतत निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी विशाल भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था अत्यंत सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रही। श्रद्धालुओं ने कहा कि पुलिस और सेवादारों के सहयोग से उन्हें बिना किसी असुविधा के बाबा के दर्शन करने का अवसर मिला।











