भीमताल विधानसभा के गांवों में मंत्री कैड़ा की चौपाल, सुनीं जन समस्याएं

भीमताल। भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए कार्रवाई करने को कहा।

मंत्री कैड़ा ने तल्ला रामगढ़, नथुवाखान, दाड़ीम, दुक्कड़, झड़गांव, कालाआगर, गलनी, चमोली, क्वेराला सहित कई गांवों का भ्रमण किया। दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।

ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा।

मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने बरसात के दौरान सड़कें बंद होने की स्थिति से निपटने के लिए भी पहले से तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पीडब्ल्यूडी एवं पीएमजीएसवाई अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें शीघ्र खोलने के लिए आवश्यक टेंडर प्रक्रिया समय रहते पूरी कर ली जाए, ताकि आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने और उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें