उत्तराखंड में दो लाख करोड़ की विकास परियोजनाएं, पीएम मोदी के विशेष स्नेह का परिणाम

देहरादून – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया रिकॉर्ड बनाया है, बल्कि भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ाने का भी ऐतिहासिक कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में जनता ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनादेश देकर यह साबित कर दिया कि देश अब नारों पर नहीं, बल्कि विकास और सुशासन पर मतदान करता है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों का कालखंड भारत के आत्मविश्वास, सुरक्षा, वैश्विक प्रतिष्ठा और विकास का स्वर्णिम दौर रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती थीं, जबकि मोदी सरकार में योजनाएं धरातल पर उतरकर आम लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का कार्य हुआ है, जिसकी सराहना वैश्विक स्तर पर भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी नीतियों का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, चार करोड़ परिवारों को पक्के मकान, 11 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ, जनधन खाते, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं ने देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ केवल बयान नहीं देता, बल्कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों के माध्यम से दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। इससे दुनिया को भारत की नई सुरक्षा नीति और निर्णायक नेतृत्व का परिचय मिला है।

उत्तराखंड को मिला प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष मार्गदर्शन और स्नेह के कारण उत्तराखंड में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाओं ने देवभूमि को वैश्विक आध्यात्मिक पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं राज्य में कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई ऊंचाई दे रही हैं। वहीं वाइब्रेंट विलेज योजना से सीमांत क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंची है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2.54 लाख से अधिक महिलाओं का ‘लखपति दीदी’ बनना महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प के 12 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार के 12 वर्ष नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, वैश्विक प्रतिष्ठा और जन-जन के जीवन में सकारात्मक बदलाव की गौरवशाली यात्रा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी, कमलेश रमन सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें