भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन ने कसी कमर, सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

नैनीताल। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को नगर निगम सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा के लिए जनपद नैनीताल में हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल एवं कालाढूंगी क्षेत्र में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की बारीकी से जांच सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्ण अनुशासन, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन हेतु परिवेक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। बैठक में आयोग के प्रतिनिधियों द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी साझा की गईं।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि 15 जून को कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले के मद्देनजर क्षेत्र में यातायात दबाव बढ़ सकता है, इसलिए अभ्यर्थी समय से पहले परीक्षा केंद्रों के लिए प्रस्थान करें और निर्धारित समय पर परीक्षा स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

बैठक में नोडल अधिकारी परीक्षा एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, संबंधित उप जिलाधिकारी, सभी परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक, आयोग के प्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें