हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मुखानी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना मुखानी पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 11 जून 2026 को पूरनपुर मोड़ से दूध डेयरी के समीप जंगल की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान वीरपाल यादव पुत्र रामचंद्र यादव, निवासी कन्हा विहार, मुखानी (मूल निवासी ढकिया खैरूद्दीन, नवाबगंज, बरेली, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 81/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपा जोशी, कांस्टेबल सुनील आगरी एवं कांस्टेबल रविंद्र खाती शामिल रहे। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध हथियारों और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











