सुरक्षित यातायात और आपदा प्रबंधन को लेकर भवाली में जागरूकता अभियान

भवाली – माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के मार्गदर्शन में जी.बी. पंत राजकीय इंटर कॉलेज भवाली में “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” अभियान के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण, विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, पीएलवी (पैरालीगल वॉलंटियर्स) एवं अधिकार मित्रों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल श्रीमती पारुल थपलियाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को मोटर वाहन अधिनियम की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का महत्व बताया।

उन्होंने कहा कि गति सीमा, हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात संकेतों का पालन सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाही से ड्राइविंग करने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर कानून में सख्त दंड का प्रावधान है।

श्रीमती थपलियाल ने राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले व्यक्ति को सरकार द्वारा 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले राहवीरों को एक लाख रुपये, ट्रॉफी और सम्मान पत्र भी दिया जाता है।

कार्यक्रम में एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक मनोज भाकुनी ने आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, आगजनी और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों में एसडीआरएफ की भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) की जानकारी देते हुए बताया कि यह एक महत्वपूर्ण जीवन रक्षक प्रक्रिया है, जिसका उपयोग तब किया जाता है जब किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति अचानक बंद हो जाए। सीपीआर के माध्यम से आपातकालीन चिकित्सा सहायता मिलने तक व्यक्ति के शरीर में रक्त और ऑक्सीजन का संचार बनाए रखा जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की भी जानकारी दी गई। शिविर में विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा बर्गली, प्रशिक्षु विधि छात्र, पीएलवी सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें