हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित अमेज़ॉन के गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद चलाए गए सर्च अभियान में दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रामपुर रोड पर शीतल होटल के सामने स्थित अमेज़न के गोदाम में अचानक आग लग गई है। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल तथा प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। गोदाम में लगी आग तेजी से फैल चुकी थी, जिसके चलते पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। संयुक्त प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग बुझने के बाद जब गोदाम के भीतर सघन तलाशी अभियान चलाया गया तो वहां कार्यरत दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत आग में गंभीर रूप से झुलसने और अत्यधिक धुएं के कारण दम घुटने से होना सामने आया है।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद पुत्र सदी राम निवासी बागजाला, गोलापार तथा 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी पंचायत घर के पास, रामपुर रोड हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है।











