रामनगर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रामनगर पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इंद्रा कॉलोनी निवासी रवि नेगी पुत्र पुष्कर सिंह नेगी (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया। पूछताछ एवं जांच के दौरान आरोपी के पास मौजूद मोटरसाइकिल की जांच की गई तो वह चोरी की निकली। पुलिस ने पाया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर कूटरचित तरीके से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा धारा 317(3)/340 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसका किसी अन्य आपराधिक गतिविधि या गिरोह से संबंध तो नहीं है। साथ ही चोरी की मोटरसाइकिल के संबंध में भी जांच जारी है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में अपराधियों, नशा तस्करों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।











