हरियाली बढ़ाने की मुहिम, विश्व पर्यावरण दिवस पर भीमताल में विशेष आयोजन

भीमताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भीमताल प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 3,000 बोगनवेलिया पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और हरित वातावरण को और अधिक समृद्ध बनाएगी।

उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधारोपण से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं तथा पौधों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता न होकर पर्यावरण संरक्षण की दीर्घकालिक पहल बने, इसके लिए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सीडीओ ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को गरिमामय एवं सफल बनाने के लिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं।

प्रशासन का मानना है कि यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हरित उत्तराखंड के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें