महिला नेतृत्व और संगठन विस्तार पर कांग्रेस का फोकस, प्रियंका से मिलीं ज्योति रौतेला

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने नई दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात कर संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।

नई दिल्ली स्थित 10 जनपथ में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, महिला कांग्रेस संगठन के विस्तार, महिला शक्ति की भूमिका तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुलाकात के दौरान ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी को देवभूमि उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया। इस पर प्रियंका गांधी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए निमंत्रण स्वीकार किया और उत्तराखंड आने की सहमति जताई।

बैठक में प्रियंका गांधी ने आगामी चुनावी वर्ष को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहते हुए जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का संदेश दिया।

मुलाकात के बाद ज्योति रौतेला ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पूरी तरह एकजुट है और भाजपा सरकार की नीतियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला शक्ति, युवाओं की भागीदारी और जनसरोकारों के मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनावी रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों के बीच हुई यह मुलाकात कांग्रेस की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकती है। माना जा रहा है कि कांग्रेस अब महिला नेतृत्व, युवा शक्ति और जमीनी मुद्दों के सहारे आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें