भवाली में गुम हुआ पर्स सकुशल बरामद, श्रद्धालु ने पुलिस को कहा धन्यवाद

भवाली। नैनीताल पुलिस की जनसेवा और तत्परता का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। कैंची धाम दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु का गुम हुआ पर्स यातायात पुलिस कर्मियों ने खोजकर सकुशल उसके स्वामी को वापस सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद स्थित ग्राम पुवायां आलमपुर निवासी सोनू पुत्र सन्त्रेष कैंची धाम मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। इस दौरान भवाली क्षेत्र में उनका पर्स कहीं गिरकर गुम हो गया। पर्स में लगभग चार हजार रुपये की नकदी के अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

पर्स गुम होने की सूचना मिलने पर यातायात ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल मनोज पंत एवं हेड कांस्टेबल अमर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उसकी खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों के बाद दोनों पुलिस कर्मियों ने गुम हुए पर्स को बरामद कर लिया।

पुलिस कर्मियों ने पर्स में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर उसके स्वामी की पहचान सुनिश्चित की और आवश्यक सत्यापन के बाद पर्स उसके मालिक सोनू को सुपुर्द कर दिया। पर्स में रखी नकदी और अन्य सभी दस्तावेज सुरक्षित पाए गए।

अपना खोया हुआ पर्स और महत्वपूर्ण कागजात वापस मिलने पर श्रद्धालु सोनू ने यातायात पुलिस और नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों की ईमानदारी, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।

नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि वह जनसेवा, सुरक्षा और सहायता के अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कर रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें