तीन मंजिल तक पहुंची आग की लपटें, फायर टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

हल्द्वानी – शहर के व्यस्त तिकोनिया चौराहे के समीप स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते दुकान के तीनों फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार लालकुआं निवासी एवं ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय अनुज सिंह दानु ने सुबह करीब 1:50 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी को आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीम तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि दुकान का शटर बंद था और अंदर से आग की तेज लपटें निकल रही थीं। फायर कर्मियों ने शटर खोलकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग दुकान के तीनों तल तक फैल चुकी थी, जहां भारी मात्रा में शराब की बोतलें और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी।

अग्निशमन अभियान के दौरान फायर कर्मियों ने आग की चपेट में आए 19 किलो के एलपीजी सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकालकर ठंडा किया। समय रहते यह कार्रवाई किए जाने से संभावित बड़े विस्फोट और गंभीर हादसे को टाल दिया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद फायर सर्विस की टीम ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक दिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लगभग 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फायर सर्विस अधिकारियों ने बताया कि टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बचा लिया गया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें