कालाढूंगी – मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए कालाढूंगी पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की वारदात का पर्दाफाश होने के साथ ही आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कालाढूंगी पुलिस ने मामले की गहन जांच की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को अनिल कुमार निवासी पहाड़पुर नगदपुरी बरहैनी, बाजपुर ने थाना कालाढूंगी में अपनी मोटरसाइकिल संख्या UK06BA-2984 स्प्लेंडर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना कालाढूंगी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा पतारसी-सुरागरसी के माध्यम से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
जांच के दौरान पुलिस ने कुलविन्दर सिंह पुत्र पहलवान सिंह निवासी गुलरभोज, थाना गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को मोटेश्वर महादेव मंदिर मोड़, बाजपुर रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, उप निरीक्षक जयपाल सिंह, कांस्टेबल किशन नाथ, अमनदीप सिंह एवं मिथुन कुमार शामिल रहे, जिनके प्रयासों से चोरी की घटना का सफल अनावरण संभव हो सका।











