काठगोदाम में अतिक्रमण हटाओ अभियान, कलसिया पुल परियोजना को मिली गति

हल्द्वानी – काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के आसपास किए गए अतिक्रमणों को हटाने के लिए सोमवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश और बरसात के दौरान हुए नुकसान के कारण कलसिया पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। वर्तमान में कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था वैकल्पिक बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित की जा रही है। कलसिया पुल कुमाऊं मंडल के छह जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिसके चलते इसके स्थायी निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

स्थायी पुल निर्माण कार्य शुरू करने के लिए पुल के आसपास किए गए अतिक्रमणों को हटाना आवश्यक था। प्रशासन की ओर से संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क और पुल क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया। अधिकारियों ने कहा कि पुल निर्माण कार्य को गति देने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि मानसून से पहले स्थायी पुल निर्माण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि क्षेत्रवासियों और यात्रियों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन का कहना है कि जनहित और यातायात व्यवस्था को देखते हुए विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें