सूचना विभाग के अनुभवी अधिकारी ललिता प्रसाद भट्ट की विदाई, सेवाओं को किया गया नमन

देहरादून – सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड मुख्यालय में सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के अवसर पर एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लंबे, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम में अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि विजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने ललिता प्रसाद भट्ट को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि ललिता प्रसाद भट्ट ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सरल व्यवहार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं दक्षता के साथ किया। उनके अनुभव, कार्यशैली और सहयोगात्मक दृष्टिकोण से विभाग को सदैव लाभ मिला। उन्होंने कहा कि उनका समर्पण और सकारात्मक कार्य संस्कृति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि ललिता प्रसाद भट्ट के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड दोनों राज्यों में कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की वास्तविक पूंजी उसके अनुभवी और कर्मठ अधिकारी होते हैं तथा उनका योगदान विभाग के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।

संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि ललिता प्रसाद भट्ट ने एक कुशल एवं जिम्मेदार अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से विभागीय उद्देश्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया और सदैव सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखने में भूमिका निभाई।

उप निदेशक रवि विजारनिया सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया। वक्ताओं ने उनके सौम्य व्यक्तित्व, कार्यकुशलता और सहयोगी स्वभाव की सराहना की।

अपने विदाई संबोधन में ललिता प्रसाद भट्ट ने विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूचना विभाग में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग में मिले सहयोग, आत्मीयता और टीम भावना ने उन्हें सदैव बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने ललिता प्रसाद भट्ट के स्वस्थ, सुखमय और सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें