गौलापार से लालकुआं तक वाटर हाइड्रेंटों का निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिली संतोषजनक

हल्द्वानी – जनसुरक्षा और आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से फायर स्टेशन हल्द्वानी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित वाटर हाइड्रेंटों का निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान फायर सर्विस और जल संस्थान की संयुक्त टीम ने गौलापार, चोरगलिया, मोटाहल्दू तथा मोतीनगर लालकुआं क्षेत्र में स्थापित हाइड्रेंटों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के पर्यवेक्षण तथा अग्निशमन अधिकारी मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में यह निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। निरीक्षण के दौरान जल संस्थान के अधिकारी भी मौजूद रहे।

संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर स्थापित वाटर हाइड्रेंटों की स्थिति, जल उपलब्धता एवं तकनीकी कार्यक्षमता का जायजा लिया। निरीक्षण में सभी हाइड्रेंट संतोषजनक एवं पूर्ण रूप से कार्यशील पाए गए।

अधिकारियों ने बताया कि अग्निकांड अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए वाटर हाइड्रेंटों की नियमित जांच और परीक्षण किया जाता है। इससे अग्निशमन वाहनों को समय पर पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा और आपदा की स्थिति में प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी।

फायर सर्विस विभाग ने कहा कि जनसुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से सभी आवश्यक संसाधनों को हर समय तैयार एवं क्रियाशील बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण और परीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सुरक्षित शहर और मजबूत अग्निशमन व्यवस्था की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें