“ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों पर शिकंजा, लाखों के जेवर बरामद – दो गिरफ्तार

रामनगर – जनपद नैनीताल में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को पीरूमदारा निवासी उर्मिला पत्नी संजय सिंह ने कोतवाली रामनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 153/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने व्यापक स्तर पर जांच करते हुए करीब 55 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस टीम ने 23 मई को मालधन चौड़ क्षेत्र स्थित तुमड़िया डैम के पास चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद हुए। मौके पर बुलाए जाने पर वादिनी ने बरामद जेवरों की पहचान अपने चोरी गए सामान के रूप में की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पैशन प्रो संख्या UK18-9833 भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनवर अली निवासी कुंडा, ऊधम सिंह नगर तथा सद्दाम हुसैन निवासी भोजपुर, मुरादाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अनवर अली पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है, जबकि दूसरे आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कांस्टेबल विजेंद्र सिंह, कांस्टेबल अशोक कंबोज और कांस्टेबल संजय सिंह शामिल रहे।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और चोरी, लूट तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें