नैनीताल पुलिस की सघन तलाश लाई रंग, ₹25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी/कालाढूंगी – जनपद नैनीताल में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कालाढूंगी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार थाना कालाढूंगी में दर्ज FIR संख्या 37/2026 धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही थी।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने वादिनी के पति वैभव कुमार के साथ मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। घायल वैभव कुमार की उपचार के दौरान दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में मौत हो गई थी।

लगातार की जा रही तलाश के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हल्द्वानी क्षेत्र के देवलचौड़ रोड स्थित रामजी विहार गेट नंबर-4 के सामने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकुल जैन पुत्र रमेश चंद्र जैन निवासी गंगोत्री विहार, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी, कांस्टेबल अखिलेश तिवारी एवं कांस्टेबल तेजपाल शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें