सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता, चोरी की मोटरसाइकिल समेत दो चोर गिरफ्तार

नैनीताल – हल्द्वानी में पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। डॉ. मंजूनाथ टी.सी. (एसएसपी नैनीताल) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 मई 2026 को वादी विशांत टम्टा निवासी हल्दूचौड़, लालकुआं ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बजाज पल्सर (UK04AR-5342), जिसे 29 अप्रैल को सुशीला तिवारी अस्पताल के गेट के सामने खड़ा किया गया था, अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 142/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें दो संदिग्ध एक एक्टिवा स्कूटी से आते दिखाई दिए। फुटेज में एक आरोपी मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर उसे चोरी करते हुए नजर आया।

सटीक सुरागरसी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने 03 मई 2026 को दो आरोपियों—दलवीर सिंह (55 वर्ष), निवासी नानकमत्ता और संजय कालरा (38 वर्ष), निवासी रुद्रपुर—को हल्द्वानी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की गई मोटरसाइकिल को नेपाल में बेच दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल (बुलेट UK04 AA-4778), जो पूर्व में थाना बनभूलपुरा में दर्ज एक मामले से संबंधित थी, बरामद कर ली। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UK06BB-4103 एक्टिवा) भी कब्जे में ली गई है।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे, जिनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा संभव हो सका। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें