खटीमा (उधम सिंह नगर) – कोतवाली खटीमा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। बार-बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाने वाला यह आरोपी “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस के हत्थे चढ़ा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के आदेशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जितेंद्र चौधरी, पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. उत्तम सिंह नेगी और क्षेत्राधिकारी विमल रावत के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अपर सिविल जज/न्यायिक मजिस्ट्रेट खटीमा द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट (धारा 323, 506 भादवि, वाद संख्या 809/2022, एफआईआर संख्या 316/2020) के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त नारायण सिंह (45 वर्ष), निवासी खेतलसंडा खाम, को गिरफ्तार किया।
चकमा देने में माहिर, इस बार नहीं बच पाया
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से हर बार घर के पिछले दरवाजे और खिड़की के रास्ते भागकर गिरफ्तारी से बच निकलता था। इस बार पुलिस ने रणनीति बदलते हुए उसके घर की चारों ओर से घेराबंदी की और तड़के दबिश दी।
घेराबंदी के दौरान आरोपी भागने का मौका नहीं पा सका और खुद को बचाने के लिए चारपाई के नीचे छिप गया, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उसकी चालाकी नहीं चल सकी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
न्यायालय में किया जाएगा पेश
गिरफ्तार अभियुक्त को चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक (वरिष्ठ) अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह, आरक्षी धनीराम, आरक्षी गजेन्द्र सिंह बिष्ट और पीआरडी जवान रामकुमार राना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











