राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु का ऐलान,दुदुली सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवारों को मिले न्याय और उचित मुआवजा

नैनीताल – विकास खंड धारी के ग्राम दुदुली में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा था। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही दो लोगों की मृत्यु हो गई थी , जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, हादसे के कई घंटे बीत जाने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने को लेकर नाराजगी देखी गई।

राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 6:30 बजे तक भी पंचनामा की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता कर पोस्टमार्टम प्रक्रिया को तेज करवाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना का मुख्य कारण क्षेत्र की जर्जर और बदहाल सड़क स्थिति बताई जा रही है, जो लंबे समय से विभागीय उपेक्षा का परिणाम है।

हरीश पनेरु ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सरकार और प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को तत्काल ₹10 लाख का मुआवजा दिया जाए, घायलों को निशुल्क एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए, तथा संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की सड़कों की तत्काल मरम्मत कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की भी मांग की है। उनका कहना है कि  इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर दिया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें