हल्द्वानी – बाल कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर आज राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) के सभागार, जिला प्रोबेशन कार्यालय, कालाढूंगी रोड, हल्द्वानी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के माननीय सदस्य योगेश रजवार ने की।
बैठक में जिला प्रोबेशन कार्यालय, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, राजकीय संस्थाओं, स्वैच्छिक बाल देखरेख संस्थाओं एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अध्यक्षता करते हुए माननीय सदस्य ने जनपद में बाल अधिकारों के संरक्षण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों तक पहुंच की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। किशोर न्याय अधिनियम एवं पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों में त्वरित कार्यवाही एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ औचक निरीक्षण करने को कहा गया।
स्कूल ड्रॉपआउट की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की बात कही गई।
माननीय सदस्य ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में संचालित वे संस्थाएं जो किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत नहीं हैं, उनकी जांच की जाए। दत्तक ग्रहण प्रक्रिया में उन अभिभावकों को प्राथमिकता देने को कहा गया जिनके कोई संतान नहीं है। इस संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी को आवश्यक जांच के निर्देश दिए गए।
बैठक में हिमालयन नव जीवन संस्थान, हल्द्वानी को वर्ष 2019 से पंजीकरण होने के बावजूद बजट आवंटन न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए शासन स्तर पर पुनः पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। वहीं यूएसआर इन्दु समिति, रामनगर में 18 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के पुनर्वास हेतु वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं द्वारा सामने रखी गई समस्याओं के समाधान हेतु जिला प्रोबेशन अधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी नैनीताल वर्षा, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति देवकी आर्या, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड नजर अली सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने माननीय सदस्य सहित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।











