अशोक लीलैंड कैंपस प्लेसमेंट से प्रशिक्षार्थियों को मिली राहत, बेतालघाट आईटीआई में सफल रहा रोजगार मेला

बेतालघाट – राजकीय आईटीआई बेतालघाट परिसर में आज अशोक लीलैंड पंतनगर (उधम सिंह नगर) के अधिकारियों द्वारा अप्रेंटिस एवं रोजगार हेतु कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। इस दौरान लिखित एवं साक्षात्कार परीक्षा का ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालन किया गया।

इस कैंपस इंटरव्यू में अल्मोड़ा, रामनगर, नैनीताल, बेरीनाग, पिथौरागढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनी द्वारा कुल 16 प्रशिक्षार्थियों का चयन किया गया, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कैंपस चयन प्रक्रिया में अशोक लीलैंड पंतनगर के मैनेजर एचआर पारुल बडोला, डिप्टी मैनेजर मैन्युफैक्चरिंग विकास जांगड़ा तथा सहायक मैनेजर मैन्युफैक्चरिंग दीपक कुमार जोशी उपस्थित रहे। इन अधिकारियों ने प्रशिक्षार्थियों की लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार प्रक्रिया संपन्न कराई।

कार्यक्रम में संस्थान की प्रधानाचार्य सीमा कुमार ने कंपनी से आए सभी अधिकारियों का स्वागत किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया।

संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी एवं प्र. कार्यदेशक राजेंद्र पांडे ने भी कंपनी के अधिकारियों का स्वागत करते हुए आग्रह किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के कैंपस इंटरव्यू नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, जिससे प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण के बाद संस्थान परिसर से ही रोजगार एवं अप्रेंटिस का अवसर मिल सके।

इस अवसर पर संस्थान के कमल पाठक, हरीश मिश्रा, हरिप्रकाश, राजेंद्र प्रसाद जोशी सहित प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।स्थानीय अभिभावकों ने भी राजेंद्र पांडे का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके प्रयासों से समय-समय पर विभिन्न राष्ट्रीय कंपनियों एवं जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से रोजगार मेले आयोजित होते रहते हैं, जिससे आईटीआई बेतालघाट के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के बाद ही रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें