प्रशासन की पहल रंग लाई, मदरसन कंपनी में बहाल हुई सामान्य स्थिति….  

लालकुआं – लालकुआं स्थित मदरसन कंपनी में श्रमिकों और प्रबंधन के बीच चल रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया। जिला प्रशासन, श्रम विभाग और पुलिस की संयुक्त पहल के बाद श्रमिकों ने अपना अनशन खत्म कर काम पर लौटने का निर्णय लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में प्रशासनिक अधिकारियों, श्रम विभाग, कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच कई दौर की वार्ता हुई, जिसके बाद समाधान निकल सका। श्रमिकों की 14 प्रमुख मांगों में से 12 मांगों को प्रबंधन ने तत्काल स्वीकार कर लिया, जबकि शेष दो मांगों पर शासन स्तर पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। समझौते के बाद सभी श्रमिक कार्यस्थल पर लौट आए हैं और फैक्ट्री में कामकाज फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गया है।

श्रमिकों के धैर्य की सराहना

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने श्रमिकों के संयम और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखी, जो सराहनीय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन श्रमिकों की जायज मांगों के समाधान के लिए उनके साथ खड़ा है।

अराजक तत्वों पर सख्ती, हिंसा की साजिश नाकाम

पुलिस ने खुलासा किया कि कुछ बाहरी अराजक तत्व श्रमिकों की आड़ में माहौल बिगाड़ने और हिंसा फैलाने की साजिश रच रहे थे। इन तत्वों द्वारा तोड़फोड़, आगजनी और उपद्रव की योजना बनाई जा रही थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि औद्योगिक क्षेत्रों में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रमिकों के हितों की रक्षा की जाएगी, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने या हिंसा फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन की पहल से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान होने से क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें