फोर्स क्लोज पर रोक, बिना मंजूरी कार्रवाई पर होगी जवाबदेही तय….

रूद्रपुर – पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और किसी भी स्तर पर बिना उचित प्रक्रिया के शिकायतों को फोर्स क्लोज न किया जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि बिना पर्याप्त कार्रवाई के किसी शिकायत को जबरन बंद किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1905 जनता की अपेक्षाओं और विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए हर शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी स्तर पर हर सप्ताह और विभागीय सचिव स्तर पर हर माह कम से कम दो बार शिकायतों की समीक्षा की जाए। साथ ही अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर फीडबैक लेने और उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हेल्पलाइन की सफलता तभी मानी जाएगी, जब लोगों को यह महसूस हो कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान हुआ है। इस दौरान उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत भी की। बैठक में मंडलायुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें