हल्द्वानी – शहर में तीनपानी से मंडी तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज कार्यों को लेकर प्रशासन ने निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई लोगों ने स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर मजिस्ट्रेट ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सड़क किनारे लगे पोलों को जल्द शिफ्ट करने के निर्देश दिए, ताकि चौड़ीकरण कार्य में बाधा न आए। साथ ही परियोजना प्रबंधक को ड्रेनेज कार्य शीघ्र पूरा करने और आवश्यक स्थानों का चयन कर विद्युत विभाग से समन्वय बनाने को कहा गया।
इसके अलावा तीनपानी से मंडी की ओर दाहिनी तरफ भी सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। मार्ग में आने वाले पेड़ों के छपान के लिए वन विभाग के साथ समन्वय कर कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया।
मंडी चौराहे से शनि बाजार की ओर भी विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए दो दिन के भीतर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने से शहर में यातायात सुगम होगा और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।











