हल्द्वानी– रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, कुमाऊं क्षेत्र के तत्वावधान में मंगलवार को रोडवेज के विभिन्न संगठनों ने अवैध डग्गामारी और अनियंत्रित वाहन संचालन के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान संयुक्त परिषद, रोडवेज कर्मचारी यूनियन, एम्पलाइज यूनियन, भारतीय मजदूर संघ और एससी-एसटी श्रमिक संगठन के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने एकजुट होकर संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी बस अड्डे के आसपास अवैध डग्गामारी और अनियमित रूप से चल रही निजी बसों और टैक्सियों के कारण रोडवेज को आर्थिक नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि नगर में अवैध रूप से संचालित ऑनलाइन अंतरराज्यीय बसों के संचालन को तत्काल बंद कराया जाए, जो सड़क किनारे यात्रियों को बैठाकर रोडवेज की आय को प्रभावित कर रही हैं।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने मांग उठाई कि टैक्सियों का संचालन केवल निर्धारित भोटिया पड़ाव टैक्सी स्टैंड से ही सुनिश्चित किया जाए और बस अड्डे के आसपास उनके अवैध जमावड़े पर रोक लगाई जाए। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि बस अड्डे के सामने सड़क पर खड़े रहने वाले निजी वाहनों के संचालन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रह सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय परिवहन अधिकारी और एसपी सिटी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि 26 मार्च 2026 तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कुमाऊं क्षेत्र के सभी संगठन संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के सामने उग्र धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान आन सिंह जीना, मुकेश वर्मा, कौशल जोशी, राजीव भट्ट, मोहन बोरा, रमेश कपिल, जीवन आर्य, महेश दफौटी, कमल पपने, शंकर सिंह, जगदीश कांडपाल, आनंद बिष्ट, नवनीत कपिल, पूरन राम, जगमोहन, ललित पांडे, मनिंदर सिंह, जीवन चंद, तारा जोशी, प्रमोद बरगली, मोहसिन, मनोज मनराल, कार्तिक, नवीन बिष्ट, योगेश जोशी, बलराम सागर, रौतेला, प्रकाश संभल, सुमित कुमार, हेमंत गढ़िया, संजय, संतोष, नवीन इटनी, रचना बिष्ट, हेम, गुणवंत, मोहित कुमार, आनंद बल्लभ, राहुल रावत सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।











