जमीन विवाद में भाई बना हमलावर, साथियों संग घर में घुसकर मारपीट……..

काशीपुर- कुमाऊं कॉलोनी क्षेत्र में मकान पर जबरन कब्जा करने की कोशिश और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसके भाई समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुमाऊं कॉलोनी गड्ढा कॉलोनी निवासी मंगली सिंह पुत्र स्व. मवासीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 फरवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका भाई सूरज चौहान निवासी ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद अपने साथ सूरज सैन, हरविंदर सिंह और डॉ. मुनेश को लेकर उसके घर पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने उससे मकान खाली करने को कहा और दावा किया कि घर उन्होंने खरीद लिया है।

 

मंगली सिंह के अनुसार उसने आरोपियों को बताया कि मकान और जमीन का मामला काशीपुर कोर्ट में विचाराधीन है और बिना न्यायालय के आदेश के मकान नहीं लिया जा सकता। इस बात पर आरोपी भड़क गए और उसके व परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे चोटें आईं और उसकी पत्नी के कपड़े भी फट गए। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने मकान खाली न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मंगली सिंह की तहरीर के आधार पर सूरज सैन, सूरज चौहान, हरविंदर सिंह और डॉ. मुनेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें