रुद्रपुर- कोतवाली क्षेत्र के शिमला पिस्तौर में घर में घुसकर परिवार पर हमला करने और महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए जेवर लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता सुमन शर्मा ने पुलिस को बताया कि होली के दिन परिवार के सदस्य घर के बाहर होली खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का एक युवक नशे की हालत में वहां पहुंचा और अभद्र व्यवहार करने लगा। विरोध करने पर वह वहां से चला गया।
आरोप है कि कुछ समय बाद वह युवक करीब 15-16 साथियों के साथ वापस लौटा। स्थिति को देखते हुए परिवार के लोग अपने घर के अंदर चले गए, लेकिन आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सुमन शर्मा के पति अशोक शर्मा समेत परिवार के कई सदस्य नवीन, मनोज, मोहित, रवि, राज, रोहित, सोनिया और कविता घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए और मंगलसूत्र भी लूट लिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।











