नशे के खिलाफ अभियान तेज, गदरपुर में मेडिकल स्टोर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई….

रुद्रपुर – जनपद उधम सिंह नगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं। इस दौरान मेडिकल स्टोर के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत एसटीएफ कुमाऊं यूनिट, कोतवाली गदरपुर पुलिस और औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार गदरपुर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम ने मेडिकल स्टोर के स्वामी 53 वर्षीय राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को दुकान से 9416 ट्रामाडोल मिश्रित प्रतिबंधित कैप्सूल, 1300 अल्प्राजोलाम टैबलेट और 51 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुए। ये सभी दवाइयां एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाता था और किन-किन स्थानों पर उनकी सप्लाई करता था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें