सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर लौटे सैकड़ों नागरिक….

सितारगंज – प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को नगर पालिका परिषद सितारगंज क्षेत्र में रामलीला मैदान में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) द्वारा की गई।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मा० मंत्री पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन सौरभ बहुगुणा, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिन्दल तथा नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को चेक एवं विभिन्न विभागों की सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं जनता के द्वार तक पहुंच रही है, जो एक अनूठी और जनहितकारी पहल है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जागरूक होकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

शिविर में कुल 526 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 26 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 76 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा 12 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। होम्योपैथिक विभाग द्वारा 74 लोगों की जांच, जबकि आयुष विभाग द्वारा 29 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण किया गया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा 13 पेंशन आवेदन, 02 दिव्यांग बस पास, 02 पात्र लाभार्थियों को शादी अनुदान तथा 03 लोगों को जीविका अवसर प्रोत्साहन योजना से लाभान्वित किया गया। डेयरी विभाग द्वारा 250 लोगों को साईलेज एवं दुधारू पशु योजना का लाभ दिया गया।

इसके अतिरिक्त राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, ब्रॉयलर फार्म प्रोत्साहन योजना, बैकयार्ड पोल्ट्री योजना, मुख्यमंत्री बाल एवं महिला पोषण योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजनाओं आदि के अंतर्गत कुल 525 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

शिविर के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Pelli Poola Jada Accessories

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें