जनता को अधिक ब्याज व गारंटी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का SSP डॉ0 मंजुनाथ टीसी ने किया बड़ा खुलासा,

हल्द्वानी / नैनीताल- अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर जनता की मेहनत की कमाई हड़पने वाले एक बड़े वित्तीय घोटाले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेस वार्ता में बताया कि निवेश के नाम पर 6 करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

निवेश के नाम पर सुनियोजित ठगी

एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2017 में अभियुक्तों ने “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में खोली। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अधिक ब्याज और गारंटी का लालच दिया गया। इस बहाने अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जनपदों के हजारों भोले-भाले नागरिकों से निवेश कराया गया।

जांच में सामने आया कि संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत और सचिव विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों की भारी धनराशि का गबन किया और फरार हो गए। दोनों शाखाएं बंद पाई गईं और अभियुक्तों के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।

लंबी जांच के बाद गिरफ्तारी

कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23 (धारा 409 IPC) के तहत एक वर्ष से अधिक समय से लंबित इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक लगातार दबिश के बाद दिनांक 04.02.2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

खातों में करोड़ों का लेन-देन

जांच में अभियुक्तों के खातों में—

  • ₹2 करोड़ 26 लाख

  • ₹4 करोड़ 58 लाख
    के लेन-देन की पुष्टि हुई है। न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश भी प्राप्त किए जा चुके हैं।

अन्य मुकदमे, और गिरफ्तारी की संभावना

पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना है और शीघ्र ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

गिरफ्तार अभियुक्त:

  1. हेमचंद पंत (45 वर्ष), निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल

  2. विकास दुर्गापाल (41 वर्ष), निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल

पुलिस टीम को इनाम

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने गिरफ्तारी टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

SSP की आमजन से अपील

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने नागरिकों से अपील की कि अधिक लाभ के लालच से सावधान रहें। किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसके पंजीकरण, वैधानिक स्थिति और प्रामाणिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें