धरना स्थल हटाने की कार्रवाई पर भड़के भीम आर्मी कार्यकर्ता, वार्ता के बाद शांत….

सितारगंज – नगर पालिका परिसर में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब प्रशासन द्वारा झोपड़ी के रूप में बने भीम आर्मी के धरना स्थल को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। मौके पर पहुंचे भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार इस कार्रवाई से नाराज़ हो गए और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। स्थिति को संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।

जानकारी के अनुसार, भीम आर्मी ने करीब 15 दिन पूर्व प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद दो वर्षों से चल रहे अपने अनिश्चितकालीन धरने को स्थगित किया था। संगठन की प्रमुख मांगों में ग्राम लौका और गोठा में नियमित पुलिसिंग व्यवस्था, उप स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की तैनाती और पिछले 60 वर्षों से रह रहे ग्रामीणों को भूमालिकाना अधिकार दिए जाने की मांग शामिल थी।

तहसीलदार सितारगंज द्वारा लिखित पत्र जारी कर यह आश्वासन दिया गया था कि क्षेत्र में नियमित पुलिस व्यवस्था लागू की जाएगी और सप्ताह में दो दिन डॉक्टरों का पैनल ग्राम सभा में पहुंचकर ग्रामीणों का उपचार करेगा। इसी आश्वासन के आधार पर धरना अस्थायी रूप से समाप्त किया गया था।

शनिवार को भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार नगर पालिका परिसर में संगठन की सदस्यता अभियान के तहत पहुंचे थे। इसी दौरान पालिका प्रशासन द्वारा धरना स्थल पर लगे टेंट को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जिससे विवाद खड़ा हो गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, जिसके बाद हालात बिगड़ने लगे।

सूचना मिलने पर तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीम आर्मी पदाधिकारियों से लंबी वार्ता की। प्रशासन ने पूर्व में दिए गए आश्वासनों को दोहराते हुए नियमित पुलिस व्यवस्था और चिकित्सकीय सेवाओं को जारी रखने पर सहमति जताई, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

वार्ता के बाद भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने शक्ति फार्म से आए दर्जनभर युवाओं को संगठन की सदस्यता दिलाई। प्रशासनिक हस्तक्षेप और संवाद के बाद किसी भी अप्रिय घटना से बचाव हो सका। फिलहाल प्रशासन ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पूर्व में तय शर्तों के अनुसार व्यवस्थाएं लागू रखने का भरोसा दिलाया है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें