हल्द्वानी- के मंडी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने गंदे नाले में एक सड़ी-गली डेड बॉडी पड़ी देखी। शव की हालत बेहद खराब थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव कई दिनों से नाले में पड़ा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकलवाया गया।
पुलिस के अनुसार फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव की स्थिति को देखते हुए पहचान करना मुश्किल बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या, दुर्घटना या नाले में गिरने जैसी सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाला जा रहा है।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।












