अंकिता केस पर ‘झूठ की राजनीति’ के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा की हुंकार….

रुद्रपुर – अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा कथित रूप से भ्रम फैलाने और राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर आक्रोश रैली निकाली और गल्ला मंडी में कांग्रेस का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तौगी एवं जिलाध्यक्ष नीता सक्सेना के नेतृत्व में कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए, जहां जनसभा के उपरांत अंबेडकर पार्क से बाटा चौक, मुख्य बाजार और भगत सिंह चौक होते हुए गल्ला मंडी तक पैदल मार्च निकाला गया। रैली के दौरान “कांग्रेसियों सबूत बताओ–दिवंगत बिटिया को मत सताओ” और “अंकिता की आत्मा को अपमानित करना बंद करो” जैसे नारे गूंजते रहे।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड पूरे प्रदेश के लिए बेहद दुखद घटना है, लेकिन भाजपा सरकार ने इस मामले में शुरू से ही गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके साथ हुए अपराध पर राजनीति करना निंदनीय है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने इस मामले में सख्त और जिम्मेदार रुख अपनाया है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की गई है और जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ी है। इसके विपरीत कांग्रेस भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच में तथ्य स्पष्ट हो चुके हैं, लेकिन कांग्रेस ‘वीआईपी’ जैसे नैरेटिव के सहारे राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि सरकार ने पूरे मामले में पारदर्शिता बरती है। कांग्रेस द्वारा जांच एजेंसियों और न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल उठाना लोकतंत्र के लिए घातक है। जनता सच जानती है और कांग्रेस के दुष्प्रचार में आने वाली नहीं है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि अंकिता भंडारी देवभूमि की बेटी है और उसके परिवार को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांग्रेस हमेशा विवाद की राजनीति करती आई है और इस मामले में भी वही रवैया अपनाया गया है।

प्रदर्शन में जिला महामंत्री अजय जोशी, जिला उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, हिमांशु शुक्ला, भारत भूषण चुग, अनिल चौहान, प्रीत ग्रोवर, संदीप बाजवा, मयंक ककड़, प्रमोद मित्तल, विजय तोमर, अक्षय गहलोत, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व मेयर रामपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें